सिंगल यूज प्लास्टिक रैपर को बैन करने की मुहिम, पीएम मोदी के नाम हस्ताक्षर अभियान, स्कूली छात्रों का संकल्प
सरगुजा : सिंगल यूज प्लास्टिक रैपर के बारे में स्कूली छात्र जागरुकता फैला रहे हैं. ये छात्र बीते कई वर्षों से अपने स्कूल और शहर में एक अभियान चला रहे हैं. छात्र साल भर प्लास्टिक रैपर इकट्ठा करते हैं,इसके बाद साल के अंत में प्लास्टिक वेस्ट को उन कंपनियों को वापस भेज देते हैं जिनके वो रैपर हैं. छात्रों की इस पहल की सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी की है. छात्रों के इस अनोखे अभियान को पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया में भी पोस्ट किया था.
पूरे देश में प्लास्टिक के इस्तेमाल पर बैन करने का निवेदन
पीएम मोदी की सराहना के बाद ये छात्र और भी ज्यादा उत्साहित हुए हैं. लिहाजा इस साल एक और नवाचार करते हुए छात्रों ने शहर के 75 हजार लोगों के हस्ताक्षर के साथ पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर देश भर में प्लास्टिक के इस्तेमाल को बंद करने का निवेदन किया है.
पीएम मोदी को सिग्नेचर के साथ भेजेंगे निवेदन
ये पहल है होलीक्रास स्कूल अंबिकापुर के छात्रों ने की है. छात्रों का कहना है कि समाज में कई लोग ऐसे हैं जिन्हें पर्यावरण और प्रदूषण से कोई मतलब नहीं है. लेकिन हम बच्चे इतने कम उम्र में ही प्रदूषण को लेकर चिंतित हैं. हमारा प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा लोग प्लास्टिक के बारे में जाने और इस्तेमाल करना बंद करे. स्कूल की गर्ल्स विंग की प्रेसिडेंट अन्वेषा सिन्हा के मुताबिक हमने सिंगल यूज प्लास्टिक रैपर को बैन करने का अभियान छेड़ा है. इस बार हम सिग्नेचर कैम्पेन कर रहे हैं. जिसके तहत हम लोगों के सिग्नेचर ले रहे हैं और इसे प्रधानमंत्री को भेजेंगे ताकि हमारे देश में सिंगल यूज प्लास्टिक रैपर पर बैन लागू हो.
छात्रा ने 150 लोगों के करवाएं हस्ताक्षर
इस अभियान में स्कूल की एक छात्रा ने अकेले 150 लोगों के हस्ताक्षर कराए हैं. छात्रा विनीता राजवाड़े बताती हैं कि वो हॉस्टल में रहती हैं. वहां रहने वाले स्टूडेंट्स, वहां के स्टाफ सभी से सिग्नेचर लिया और डेढ़ सौ लोगों के हस्ताक्षर कराए हैं.
प्लास्टिक बैन को लेकर सकारात्मक परिणाम की उम्मीद
स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. जेस्सी ने बताया कि हमारे बच्चे अभी प्लास्टिक बैन सिग्नेचर के लिए बहुत मेहनत कर रहे हैं, इसमें खुद के पैरेंट्स और टीचर्स के सिग्नेचर लिए हैं. पूरे शहर में अन्य लोगों से भी ये सिग्नेचर ले रहे हैं. प्राइम मिनिस्टर मोदी तक कोरियर के माध्यम से ये सिग्नेचर पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे कुछ परिणाम आ सके.
हम सभी जानते हैं कि प्लास्टिक वेस्ट हमारे लिए नुकसानदायक है. जब गर्मियों की छुट्टी में बच्चे अपने घर में होते हैं उस समय ये लीडर रोज स्कूल आकर इसकी तैयारी करते हैं. 2020 में प्रधानमंत्री ने हमारे स्कूल के बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए एक ट्वीट किया था, जिससे ये बच्चे बहुत एप्रिसिएट हुए और काम को आगे बढ़ा रहे हैं- डॉ जेस्सी, प्रिंसिपल हॉलीक्रॉस स्कूल
पर्यावरण संरक्षण मंडल ने जारी किया आदेश
इस विषय पर छत्तीसगढ़ सरकार के पर्यावरण संरक्षण मंडल ने एक आदेश 3 दिसम्बर को जारी किया है. प्रदेश में सिंगल यूज प्लास्टिक पर बैन करके उसका मापदंड भी तय किया है. आदेश में बताया गया है कि प्लास्टिक कैरी बैग, नान वुवेन पोलीप्रोप्लीन बैग, प्लास्टिक थर्मोकोल डिस्पोजेबल, लिक्विड एवं ठोस खाद्य पदार्थ की पैकेजिंग, उत्पादों को लपेटने एवं संग्रहण करने वाले प्लास्टिक, थर्मोकोल से बने साज सजावट के सामान, पान मसला के रैपर, विज्ञापन सामग्री में शार्ट लाइफ पीवीसी, क्लोरीनयुक्त प्लास्टिक जैसे फ्लेक्स, बैनर, होर्डिंग, फोम बोर्ड, 200 एमएल से कम क्षमता वाली पीईटी एवं पीईटी बोतलें, नान रिसाइकलिंग वाली मल्टी लेयर प्लास्टिक पैकेजिंग प्रतिबंधित हैं.
सोशल मीडिया के जरिए भी छात्र कर रहे अपील
बहरहाल छात्रों की मांग लम्बे समय से है. इसके लिए उन्होंने कई तरह के नवाचार किए हैं, खुद पीएम मोदी ने इन बच्चों की सराहना की है, ऐसे में एक बार फिर ये बच्चे प्लास्टिक रैपर देश भर में बंद करने की मुहिम छेड़ चुके हैं, इधर छत्तीसगढ़ सरकार ने काफी हद तक सिंगल यूज प्लास्टिक पर नियंत्रण का आदेश जारी भी किया है, लेकिन ये आदेश जमीन पर कितना लागू होगा ये आने वाले वक्त में ही पता लगेगा. फिलहाल बच्चों का हस्ताक्षर अभियान जारी है और इसके साथ ही ये बच्चे सोशल मीडिया कैम्पेन भी कर रहे हैं, जिससे जुड़ने की अपील भी इन्होंने सभी से की है.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.