Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग
मदुरै के तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर प्राचीन पत्थर के स्तंभ 'दीपथून' पर नहीं जल सका दीपक: सुप्रीम कोर्ट... श्रीनगर में आयोजित 'वक्फ दिवस' समारोह के दौरान बजाए गए 'वंदे मातरम' पर धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि ... उत्तराखंड की राजनीति में गरमाई 'बैणी-भुली योजना': 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और बीजेपी ... अनंत सिंह की बेटी की शादी में आयोजित घुड़दौड़ का फाइनल स्थगित: नदावां गांव में उमड़ी बेकाबू भीड़ के ... बॉम्बे हाई कोर्ट ने मुसाफिरखाना की तोड़फोड़ पर लगी रोक सोमवार तक रखी बरकरार, परिसर में प्रवेश पर लगा... भोपाल में पुलिस के हत्थे चढ़ा 12वीं पास फर्जी आईएएस अधिकारी: वकील, सरपंच और बिल्डर समेत 100 से अधिक ... पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने बिछाई सियासी बिसात: आम आदमी पार्टी से आए सात राज्यसभा सांसदों ... पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में बढ़ी सियासी हलचल: चंडीगढ़ में प्रदेश चुनाव समिति की पहली ब... महाराष्ट्र में परिसीमन बिल को लेकर महाविकास अघाड़ी में बढ़ी राजनीतिक हलचल: सुप्रिया सुले के बयानों प... पुष्कर मेला 2026 में छाया सीकर से आया ऊंट 'बादल': शाही श्रृंगार और शानदार नृत्य से देशी-विदेशी सैलान...

बिहार में योगी मॉडल की एंट्री! सम्राट चौधरी का विजन- बुलडोजर से लेकर एंटी रोमियो स्क्वॉड तक, क्या यूपी की राह पर चलेगा बिहार?

37

बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई वाली नई सरकार अस्तित्व में आने के बाद ही पूरे तेवर में दिख रही है. इस बार सरकार बंपर जीत के साथ सत्ता में आई है. हालांकि नई सरकार में योगी मॉडल का असर शुरुआत से ही दिखने लगा है. पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार अपने बुलडोजर और एंटी रोमिया स्क्वॉड के लिए खासतौर पर जानी जाती है. अब यही कवायद बिहार में शुरू होने जा रही है.

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नई सरकार में राज्य के गृह मंत्री भी हैं. उन्हें पहली बार यह जिम्मेदारी मिली और कल मंगलवार को उन्होंने गृह विभाग का कार्यभार भी संभाल लिया. नई जिम्मेदारी के साथ ही सम्राट ने अपना विजन भी बता दिया कि उनके राज्य में स्कूलों और कॉलेज जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा का खास ख्याल रखा जाएगा. माफियाओं के खिलाफ कोई नरमी नहीं दिखाई जाएगी, नहीं सुधरे तो कोर्ट के आदेश के बाद उनके घरों पर बुलडोजर भी चलाए जाएंगे.

एंटी-रोमियो स्क्वॉड की होगी तैनाती

पटना में कल मंगलवार को गृह विभाग का कार्यभार संभालने के साथ ही सम्राट चौधरी ने बताया कि राज्य में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्कूल और कॉलेजों के आसपास स्पेशल पुलिस फोर्स तैनात किए जाएंगे. उन्होंने अपनी सरकार में महिलाओं की सुरक्षा की प्राथमिकता पर कहा, “हम पिंक पेट्रोलिंग की तर्ज पर स्कूलों और कॉलेजों के बाहर एंटी-रोमियो स्क्वॉड की तैनाती करेंगे ताकि कोई भी हमारी बहनों और बेटियों के साथ छेड़खानी या किसी तरह से उत्पीड़न करने की हिम्मत न करे. यही नहीं छुट्टियों के दौरान भी स्पेशल पुलिस फोर्स भी निगरानी करेगा.”

पिंक पेट्रोलिंग कई राज्यों में पहले से ही चल रहे हैं और ये महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़खानी की घटनाओं को रोकने के लिए कराई जाती हैं.

अपराध के खिलाफ ‘नो टॉलरेंस’

अपराधियों के खिलाफ सख्त तेवर दिखाते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अपराध के खिलाफ ‘नो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी. राज्य में अब तक करीब 400 माफियाओं की पहचान की जा चुकी है, जिनकी संपत्तियां कोर्ट के आदेश पर जब्त की जाएंगी.

उन्होंने योगी की बुलडोजर नीति का जिक्र करते हुए कहा, “कोर्ट के आदेश के अनुसार अपराधियों के घरों पर बुलडोजर चलाए जाएंगे.” उन्होंने यह भी कहा कि जेलों में सख्त निगरानी रखी जाएगी.

जेल में लागू की जाएगी सख्ती

जेल में सख्ती की बात करते हुए उपमुख्यमंत्री चौधरी ने कहा, “जेल परिसर में मोबाइल फोन की अनधिकृत एंट्री पर पाबंदी लगाई जाएगी. यही नहीं डॉक्टरों की अनुमति के बिना कैदियों को बाहर का खाना नहीं मिलेगा.”

बिहार में चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था लगातार चुनावी मुद्दा बना हुआ था. कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य के नए गृह मंत्री ने बताया, “नीतीश कुमार ने राज्य में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया है. हम इसे और मजबूत करने की कोशिश करेंगे.”

साइबर क्राइम पर भी लगेगा अंकुश

बढ़ते साइबर अपराध के खिलाफ कड़े तेवर दिखाते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि साइबर अपराध को लेकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल या आपत्तिजनक कमेंट करने वालों के खिलाफ भी कड़े कदम उठाए जाएंगे.

संगठित अपराध को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में संगठित अपराध पर लगाम लगाने की कोशिश की जाएगी, और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में सुशासन को और बेहतर किया जाएगा.

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.