Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग
सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, बेंगलुरु के अधूरे हाउसिंग प्रोजेक्ट के 4,500 घर खरीदारों को फ्लैट मिलने... दिल्ली सरकार ने छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए लॉन्च की 'EHSAAS 2026' पॉलिसी, मुख्यमंत्री रेखा ग... मलेशिया के इपोह में भारत और मलेशिया की सेनाओं के बीच संयुक्त युद्धाभ्यास 'हरिमाउ शक्ति-6' शुरू, दोनो... गुटबाजी से जूझ रही पंजाब कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, राजपुरा से दो बार के विधायक हरदयाल सिंह कंबोज भा... दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को मिलेगी नई रफ्तार, डीटीसी के बेड़े में जल्द शामिल होंगी 100 नई इलेक्ट्... खरगोन के बड़वाह से भाजपा विधायक सचिन बिरला का पत्र सोशल मीडिया पर वायरल, बिना अनुशंसा खनन अनुमति न द... झारखंड के सिमडेगा में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ रची गई साजिश का पर्दाफाश, पुलिस ने एक आरोप... नोएडा के सेक्टर-50 स्थित पॉश सोसायटी में करोड़ों की चोरी का पर्दाफाश, पुलिस ने वैगनआर कार और फर्जी न... कानपुर में टैक्स चोरी के खिलाफ राज्य कर विभाग की बड़ी कार्रवाई, पान मसाला फर्म पर छापेमारी के बाद मौ... आगरा में निर्वाचन आयोग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, पांच मंडलों के आला अधिकारियों के साथ चुनावी तैयार...

देशभक्ति के नारों के साथ पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए व्यवसायी की अंतिम विदाई, CM साय ने दी श्रद्धांजलि

64

रायपुर : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में जान गंवाने वाले रायपुर के व्यवसायी दिनेश मिरानिया का बृहस्पतिवार को अंतिम संस्कार किया गया। उनकी शवयात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए तथा देशभक्ति के नारे लगाते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के समता कॉलोनी निवासी दिनेश मिरानिया को मंगलवार को पहलगाम में उस समय आतंकवादियों ने गोली मार दी, जब वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ अपनी शादी की सालगिरह मना रहे थे। मिरानिया का अंतिम संस्कार आज यहां मारवाड़ी शमशान घाट पर किया गया।

इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, कांग्रेस के पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा समेत अन्य राजनेताओं, वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। दिनेश मिरानिया की शवयात्रा के दौरान उनकी पत्नी बेहोश हो गई थीं। उनके बेटे शौर्य (18) ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी। मुख्यमंत्री साय बुधवार को मुंबई में कपड़ा और इस्पात क्षेत्र से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होने तथा निवेशकों से मिलने के लिए दो दिवसीय दौरे पर थे। अधिकारियों ने बताया कि साय ने अपना दौरा बीच में ही खत्म कर दिया और आज सुबह मिरानिया के अंतिम संस्कार में शामिल होने रायपुर पहुंचे। मिरानिया को श्रद्धांजलि देने के दौरान साय ने कहा कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और पाकिस्तान को इसकी कीमत चुकानी होगी। उन्होंने कहा कि रायपुर में एक सड़क या चौराहे का नाम दिनेश मिरानिया के नाम पर रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री कहा कि आतंकवादियों ने कश्मीर में कायराना हरकत की है और निहत्थे लोगों पर गोली चलाई है। ‘‘हम उनके कायराना कृत्य की कड़ी निंदा करते हैं। छत्तीसगढ़ ने भी अपना एक सपूत खोया है। दिनेश अब हमारे बीच नहीं रहे। आज हम सब उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए एकत्र हुए हैं। हम उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि देते हैं। उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। पाकिस्तान को इस कृत्य का खामियाजा भुगतना पड़ेगा।” उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है और इस बार भी उसे सबक सिखाया जाएगा। साय ने कहा, ”हम दिनेश जी की याद को हमेशा जिंदा रखेंगे। हम रायपुर में एक सड़क या चौराहे का नाम उनके नाम पर रखेंगे, जिससे आने वाली पीढ़ियां भी उन्हें याद रखें।” इससे पहले सुबह राज्यपाल रमेन डेका और छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष रमन सिंह ने मिरानिया के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

आतंकवादी हमले में 26 भारतीयों की मौत को लेकर छत्तीसगढ़ में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा देखा जा रहा है। राजधानी रायपुर और राज्य के कई शहरों में लोगों ने जुलूस निकाला तथा पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ नारे लगाए। लोगों ने सरकार से आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। रायपुर शहर की कुछ सड़कों में पाकिस्तान के झंडे तथा आतंकवादियों के फोटो चिपकाए गए हैं, जिसे लोग पैरों तले कुचलकर जा रहे हैं। वहीं कुछ सड़कों पर ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ के नारे लिखे गए हैं। कश्मीर के पर्यटन केंद्र पहलगाम के पास ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ कहे जाने वाले बैंसरन में मंगलवार दोपहर आतंकवादियों ने गोलीबारी की, जिसमें 26 लोग मारे गए। मृतकों में ज्यादातर पर्यटक शामिल हैं।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.